बक्सर जिले के इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत महुवारी गांव में रविवार की रात एक भयावह आगलगी की घटना में एक परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया। इस हादसे में तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजन बनाते समय लगी आग, विकराल रूप में फैली लपटें
घटना रात लगभग 9 बजे की है। शालिक दुबे के परिवार के सदस्य रसोई में भोजन बना रहे थे, तभी अचानक आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से फैलाव लिया कि पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में नकद रुपये, अनाज, कपड़े, और वाहन सहित पूरा घर जलकर खाक हो गया।
तीन महिलाएं झुलसीं, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में शालिक दुबे की 18 वर्षीय बेटी छाया दुबे, भाभी शांति दुबे और 12 वर्षीय भतीजी प्रिया दुबे गंभीर रूप से झुलस गईं। तीनों को बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
दहेज के लिए जोड़ी गई पूंजी भी स्वाहा
पीड़ित शालिक दुबे ने बताया, “बेटी की शादी के लिए वर्षों से दो लाख रुपये जोड़े थे, जो इस आग में जलकर खाक हो गए। तीन मोटरसाइकिल, एक साइकिल और साल भर का अनाज भी नष्ट हो गया। अब हमारे पास कुछ नहीं बचा है।”
गांव वालों ने दिखाया साहस, दमकल की टीम ने पाया काबू

घटना के तुरंत बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। हालात गंभीर होते देख दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राजस्व विभाग ने की निरीक्षण, दिया मुआवजे का आश्वासन
घटना के बाद राजस्व कर्मचारी आरती कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने क्षति का आकलन किया और परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने की तत्काल सहायता और शादी में मदद की मांग
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, मुआवजा, और बेटी की शादी के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाए।
‘एक पल में सब कुछ खत्म हो गया’ – पीड़ित पिता की गुहार
शालिक दुबे ने प्रशासन से मदद की अपील करते हुए कहा, “बेटी की शादी के लिए सालों से पैसे जोड़ रहे थे। अब कुछ भी नहीं बचा है। हम सरकार से निवेदन करते हैं कि हमारी मदद की जाए।”
Leave a Reply