न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अहियापुर गांव में शनिवार सुबह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही छानबीन के दौरान पूर्व मुखिया मनोज यादव और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष संतोष यादव सहित कुल 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
बक्सर सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि मृतक वीरेन्द्र सिंह यादव के पुत्र अजीत कुमार यादव के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में दो-तीन अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दस खोखा कारतूस और एक चार चक्का वाहन जब्त किया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम मानी जा रही है, और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।
Leave a Reply