-अहियापुर गांव में अहले सुबह हुई अंधाधुंध फायरिंग, इलाके में तनाव का माहौल,मौके पर एसपी के साथ चार थाना की पुलिस पहुंची, सड़क भी किया गया था जाम
न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर
बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित अहियापुर गांव में शनिवार की सुबह खूनी झड़प के बाद हुई अंधाधुंध फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के पांच लोगों को गोली लगी, जिसमें तीन सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान विनोद सिंह यादव, सुनील सिंह यादव और वीरेंद्र सिंह यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर एसपी शुभम आर्य, एसडीपीओ धीरज कुमार सहित चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना अहियापुर गांव में नहर किनारे की बताई जा रही है, जहां शनिवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे दो पक्षों के बीच पहले लाठी-डंडे और फिर गोलीबारी हुई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गांव की जमीन पर गिट्टी और बालू गिराने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। मामला उस समय शांत करा लिया गया था, लेकिन इसी रंजिश में शनिवार तड़के बदले की भावना से एक पक्ष के लोगों ने दूसरे गुट पर हमला कर दिया। हमला इतनी तैयारी से किया गया था कि हमलावर पहले से नहर किनारे घात लगाए बैठे थे।
-वीडियो फुटेज में सामने आई बर्बरता
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों गुटों के बीच पहले जमकर लाठी-डंडे और पत्थरबाजी होती है। इसी दौरान एक पक्ष के लोग अचानक फायरिंग शुरू कर देते हैं। महज एक मिनट की फुटेज में 12 बार गोली चलने की आवाजें साफ सुनी जा सकती हैं। वीडियो में एक युवक राइफल से फायर करता भी दिखाई दे रहा है।

-मृतकों पर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों मृतक भाई विनोद, सुनील और वीरेंद्र सुबह टहलने के लिए नहर किनारे गए थे। उसी दौरान हमलावर गाड़ी से आए और अचानक हमला कर दिया। गोली लगते ही दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की मौत इलाज के दौरान हुई। गंभीर रूप से घायल मंटू सिंह और पुंज सिंह यादव को पहले कोचस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मंटू के पेट और पैर में जबकि पुंज के पेट में गोली लगी है।
-गांव में तनाव, लोगों ने आरोपी के घर को घेरा
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घर को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसपी शुभम आर्य ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस बीच, नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रक लगाकर राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने की इलाके की घेराबंदी, विशेष टीम गठित
एसपी शुभम आर्य ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद एसडीपीओ धीरज कुमार ने भी कहा कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।–शुभम आर्या ,एसपी बक्सर |
-परिजनों की सुरक्षा की मांग
तीनों भाइयों की एक साथ हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। परिजन पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। यह घटना बक्सर जिले में बढ़ते आपराधिक घटनाओं और बालू कारोबार को लेकर हो रहे संघर्षों की गंभीर तस्वीर पेश करती है। पुलिस पर दबाव है कि वह जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। इस घटना के बाद शाहाबाद रेंज के DIG सत्य प्रकाश पाण्डेय भी अहियापुर गाँव पहुंचे एवं पीडितो से मिलकर घटना से सम्बन्धित अपडेट की जानकारी भी एसपी आर्या से हासिल किए।…………
Leave a Reply