घरेलू विवाद बना त्रासदी की वजह, प्रशासन कर रहा मामले की जांच
बुक्सर | बक्सर जिले में मकर संक्रांति के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर पी लिया। इस दर्दनाक घटना में तीन वर्षीय बच्चे अर्जुन कुमार की मौत हो गई, जबकि महिला और दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना में जहर पीने वाली महिला की पहचान रूबी देवी (26) के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्चों में उसका बड़ा बेटा करण कुमार (6) और दो वर्षीय बेटी राधा कुमारी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति नाजुक है और उनका इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रूबी देवी की पहली शादी वर्ष 2019 में राजकुमार चौहान से हुई थी। इस शादी से उसे एक बेटा करण हुआ, लेकिन बेटे के जन्म के महज छह महीने बाद ही 2020 में राजकुमार की अचानक मौत हो गई। पति की मौत के बाद ससुरालवालों के दबाव में रूबी ने 2021 में अपने देवर जितेंद्र चौहान से दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी के बाद रूबी को दो बच्चे हुए, जिनमें अर्जुन और राधा शामिल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसी कारण जितेंद्र वर्ष 2024 में मजदूरी करने दिल्ली चला गया था। रूबी अपने बच्चों के साथ गांव में सास-ससुर के साथ रहती थी।
-खाने बनाने को लेकर विवाद,रूबी ने बच्चों के साथ पिया जहर
जितेंद्र के अनुसार, घर में सास-बहू के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ समय बाद रूबी ने अलग चूल्हा कर लिया और वह काफी गुमसुम रहने लगी थी। 8 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर जितेंद्र दिल्ली से घर लौटा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 13 जनवरी को खाना बनाने को लेकर फिर विवाद हुआ। इसी दौरान रूबी ने बच्चों को कीटनाशक पिलाने की कोशिश की थी, जिसे उस वक्त रोक दिया गया था और पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
-खेतों मे छिड़काव करने वाली कीटनाशक 505 का किया है सेवन
बुधवार की सुबह जितेंद्र अपने माता-पिता के साथ गंगा स्नान करने गया था। करीब 11 बजे लौटने पर उसने देखा कि बच्चे उल्टी कर रहे हैं और रूबी बेसुध पड़ी हुई है। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने खेतों में छिड़काव के लिए इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक ‘505’ पीया और बच्चों को भी पिला दिया। राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।















Leave a Reply