Advertisement

डुमरांव में सीएम नीतीश कुमार की चुनावी हुंकार कहा;  बिहार में विकास और सुशासन की पहचान एनडीए सरकार

Share

-संबोधन में कहा ; बक्सर से लेकर ब्रह्मपुर तक चौड़ी हो रही सड़के

जिले में 4 हजार सड़को का अबतक हुआ है निर्माण, जल्द शुरू होगा मलई बराज योजना

न्यूज 11 बिहार | डुमरांव

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को ऐतिहासिक डुमरांव राज हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित एनडीए की विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। मैदान खचाखच भरा था और चारों ओर नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारों से गूंज रहा था। मुख्यमंत्री ने करीब आधा घंटे तक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के विकास की यात्रा, सुशासन की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब 2005 में हमारी सरकार बनी, तब बिहार चारों ओर से अराजकता, अपराध, अपहरण, लूट और जातीय राजनीति में जकड़ा हुआ था। महिलाएं घर से बाहर निकलने में डरती थीं और बच्चियां स्कूल नहीं जाती थीं। लेकिन हमने सुशासन की स्थापना की और बिहार को विकास की नई राह पर आगे बढ़ाया।

– विकास व योजनाओं को गिनाए सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए योजनाएं चलाईं। शिक्षा क्षेत्र में साइकिल योजना, पोशाक योजना और छात्रवृत्ति योजना शुरू कर बच्चियों को स्कूल तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि अब महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में 5 लाख 30 हजार सरकारी शिक्षक कार्यरत हैं।

-महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी बोले सीएम

सीएम ने कहा कि 2006 में जीविका समूह की शुरुआत हुई, जिससे आज 1 करोड़ 40 लाख ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं, जबकि 3 लाख से अधिक शहरी महिलाएं भी इससे लाभान्वित हो रही हैं। इन समूहों ने गांवों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन पेंशन योजना की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है, वहीं 2018 में हर घर बिजली पहुंचाई गई और अब 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 1 करोड़ 21 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे दी गई है।

-रोजगार एवं आरक्षण पर बोले सीएम कहा; आने वाले समय एक करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया है और आने वाले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण दिया गया है, जिससे वे बड़ी संख्या में पुलिस विभाग और अन्य सेवाओं में बहाल हुई हैं। उन्होंने कहा कि 2006 में पंचायती राज और 2007 में शहरी निकाय को 50 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व के साथ स्थापित किया गया, जिससे महिलाएं नेतृत्व के क्षेत्र में भी आगे बढ़ीं।

-केंद्र सरकार के सहयोग का किए जिक्र

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वे बिहार के विकास कार्यों में लगातार रुचि लेते हैं और समय-समय पर राज्य का दौरा कर समीक्षा भी करते हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर जिले की चारों सीटों  डुमरांव से राहुल सिंह, राजपुर से संतोष निराला, ब्रह्मपुर से हुलास पांडेय और बक्सर से आनंद मिश्र पर एनडीए ने मजबूत उम्मीदवार उतारे हैं।

-विपक्ष पर बरसे सीएम कहा पिछली सरकार केवल परिवारवाद किया है

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कहा कि 2005 के पहले बिहार में क्या था। बक्सर समेत पूरे बिहार में अपराध चरम पर था, दंगे होते थे, लेकिन एनडीए के शासन में प्रेम, भाईचारा व शांति का माहौल है। उन्होंने राजद सुप्रिमो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब वे जेल जाने लगे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिए। नीतीश ने परिवारवाद पर जमकर प्रहार किया और कहा कि हमारी पार्टी तथा एनडीए गठबंधन ने कभी परिवारवाद को बढ़ावा नहीं दिया है, जबकि विपक्ष ने सिर्फ अपने बेटा, बेटी व पत्नी को बढ़ावा दिया है।

-डुमरांव-बक्सर क्षेत्र के विकास पर किए चर्चा

सीएम ने कहा कि बक्सर जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, कर्पूरी ठाकुर आवासीय विद्यालय जैसे संस्थानों का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही गंगा नदी पर पुल, सोने और कर्मनाशा नदी पर सिंचाई परियोजनाएं तथा 102 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण भी पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान 400 नई योजनाओं की सौगात बक्सर जिले को दी गई है।

-सभा मे मौजूद थे एनडीए नेता

मंच का संचालन जदयू जिलाध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने किया वही अध्यक्षता लोजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने किया। मंच पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा,जदयू नेता विनोद राय, शिला त्रिवेदी, प्रति पटेल, अमरेंद्र केवट, गोपाल गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *