नप कार्यालय में सप्ताह में दो दिन लगेगा जनता दरबार

Share


-मुख्य सचिव ने जारी किया है पत्र,सभी वार्डों की समस्याओं का होगा त्वरित निष्पादन-महीना में दो दिन सोशल मीडिया पर लाइव आएंगे नप के अधिकारी



बक्सर |
सरकार की ओर से नगर परिषद कार्यालयों में जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू होने के उद्देश्य से सप्ताह में दो दिन जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश जारी किया गया है। इस संबंध में सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पत्र जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने की दृष्टि से सरकार यह सख्त कदम उठा रही है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
-डुमरांव में सोमवार एवं शुक्रवार को लगेगा जनता दरबार
निर्देश के तहत नप कार्यालय में सप्ताह के दो निर्धारित दिनों में जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल शहर से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी। जनता दरबार के माध्यम से साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली, कचरा प्रबंधन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
-जनता दरबार मे सभी वार्ड के नागरिक ले सकते है भाग
नगर परिषद के ईओ राहुल धर दुबे ने बताया कि जनता दरबार में शहर के सभी वार्डों के लोग भाग ले सकेंगे। इसके लिए नगर परिषद के सभी पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जनता द्वारा उठाई गई हर समस्या को बिंदुवार दर्ज किया जाएगा और उसके त्वरित निष्पादन की दिशा में मौके पर ही निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि उसका समयबद्ध समाधान करना है।
-महीने में दो दिन सोशल मीडिया पर लाइव होंगे अधिकारी
ईओ राहुल धर दुबे ने आगे बताया कि पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक माह दो दिन नगर परिषद के अधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव होकर आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। लाइव कार्यक्रम के दौरान नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं साझा कर सकेंगे, जिन्हें नोट कर संबंधित विभागों को सौंपा जाएगा। इन शिकायतों के निष्पादन की जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मी इसके लिए जवाबदेह होंगे। नगर प्रशासन का मानना है कि जनता दरबार और सोशल मीडिया लाइव संवाद से प्रशासन और नागरिकों के बीच दूरी कम होगी। इससे विश्वास बढ़ेगा और शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *