-ममता कुलकर्णी: अब यामाई ममता नंद गिरि से जानी जाएगी,कहा; यह मेरे लिए यादगार पल
महाकुंभ स्पेशल : बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। अब वह यामाई ममता नंद गिरि कहलाएंगी।53 साल की ममता आज सुबह ही महाकुंभ में किन्नर अखाड़ा पहुंची थीं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद किन्नर अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी देने का ऐलान किया।इसके बाद महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास पहुंचीं। ममता और पुरी के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान किन्नर अखाड़े के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। फिर उनके महामंडलेश्वर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई।ममता साध्वी के रूप में महाकुंभ में शामिल हुईं। वह भगवा कपड़े पहनी दिखीं। उन्होंने गले में रुद्राक्ष की दो बड़ी माला पहन रखी थी। कंधे पर भगवा झोला भी टांग रखा था।
ममता ने कहा- यह मेरे लिए यादगार पल
ममता ने कहा कि महाकुंभ में आना और यहां की भव्यता को देखना उनके लिए बहुत ही यादगार पल है। यह मेरा सौभाग्य होगा कि महाकुंभ की इस पवित्र बेला में मैं भी साक्षी बन रही हूं। संतों के आशीर्वाद प्राप्त कर रही हूं। जब ममता किन्नर अखाड़े पहुंची तो उन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। उनके साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए लोगों में होड़ मच गई।
महामंडलेश्वर बनने की यह है प्रक्रिया
- पहले अखाड़े को आवेदन करना होता है। संन्यास की दीक्षा देकर संत बनाते हैं। नदी किनारे मुंडन फिर स्नान कराते हैं। परिवार और खुद का तर्पण कराते हैं। पत्नी, बच्चों समेत परिवार का पिंड दान कर संन्यास परंपरा अनुसार विजय हवन संस्कार होता है।
- दीक्षा दी जाती है। गुरु बनाकर चोटी काटते हैं। अखाड़े में दूध, घी, शहद, दही, शक्कर से बने पंचामृत से पट्टाभिषेक होता है। अखाड़े की ओर से चादर भेंट की जाती है।
- जिस अखाड़े का महामंडलेश्वर बना है, उसमें प्रवेश होता है। साधु-संत, आम लोग और अखाड़े के पदाधिकारियों को भोजन करवाकर दक्षिणा दी जाती है।
- घर से संबंध खत्म करने होते हैं। संन्यास काल के दौरान जमा धन जनहित के लिए देना होगा। खुद का आश्रम, संस्कृत विद्यालय, ब्राह्मणों को नि:शुल्क वेद की शिक्षा देना होती है।
- जिस अखाड़े से ममता महामंडलेश्वर बनीं, उसके बारे में जानिए साल 2015 में एक्टिविस्ट और किन्नरों की लीडर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने किन्नर अखाड़े की स्थापना की। लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने अपने साथियों के साथ किन्नर समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इसे शुरू किया। किन्नर अखाड़ा बनाए जाने के पीछे वो तर्क देती हैं कि किन्नरों को समाज में सम्मान दिलाने के लिए उन्होंने इस अखाड़े की शुरुआत की है।
- इस अखाड़े में शामिल होने के लिए किन्नर होना जरूरी नहीं है। वह व्यक्ति जो सनातन और किन्नरों में आस्था रखता है, वह इस अखाड़े से जुड़ सकता है। अन्य 13 अखाड़ों जैसी कठिन साधना-तपस्या भी इस अखाड़े में नहीं है।
- महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि बोले- संन्यास का सबको अधिकार ममता के महामंडलेश्वर बनने पर जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा, संन्यास का सबको अधिकार है। वह अपनी मोह माया और एक प्रकार सांसारिकता त्याग कर, श्रेष्ठ कार्यों के लिए, लोक कल्याण के लिए, पारमार्थिक जीवन जीने के लिए अगर कोई व्यक्ति आना चाहता है, तो उसका स्वागत है।
सम्बंधित ख़बरें- अवैध बालू खनन पर विराम लगाने के लिए रात में सडक पर उतरे DM-SP
Leave a Reply