जिला स्तर पर 101353 हेक्टेयर खरीफ आच्छादन का लक्ष्य, वैज्ञानिक पद्धति से खेती को मिलेगा बढ़ावा
न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर
गुरुवार को जिले में प्रखंड स्तर पर खरीफ महाभियान की शुरुआत की गई। इसके अंतर्गत आगामी 02 जून से 21 जून 2025 तक पंचायत स्तर पर किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जलवायु अनुकूल खेती के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें वैज्ञानिक तकनीकों से खेती के गुर सिखाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रसार कर्मी किसानों को बाढ़-सुखाड़ जैसी विषम परिस्थितियों में भी उन्नत खेती के तरीकों से अवगत कराएंगे। इस चौपाल में जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम, मोटे अनाज, खरीफ मक्का, बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, शंकर धान, सुगंधित धान, खरीफ दलहन, प्याज, टमाटर, मिर्च, हल्दी, अदरख की क्लस्टर खेती, जैविक खेती, फसल विविधिकरण, कृषि यांत्रीकरण, ड्रोन तकनीक, पौध संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई जैसे विविध विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला स्तर पर खरीफ मौसम में कुल 101353 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें धान की खेती 96923 हेक्टेयर, मक्का 3849 हेक्टेयर और अरहर 580 हेक्टेयर में प्रस्तावित है। सभी कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार मिलकर इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।
पीएम किसान निधि योजना के तहत जिले में अब तक 78110 कृषकों का पंजीकरण हुआ है, जिससे किसानों को उपादान क्रय हेतु आर्थिक सहायता मिल रही है। साथ ही पराली प्रबंधन को लेकर भी गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष पराली जलाने वाले 383 किसानों का पंजीकरण ब्लॉक कर दिया गया है। किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जाएगी ताकि पर्यावरण की रक्षा हो सके।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को टीम भावना से कार्य करते हुए लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी को किसानों के हित में कार्य करना चाहिए, जिससे कृषि क्षेत्र में आधुनिकता के साथ सतत विकास संभव हो सके।
Leave a Reply