बक्सर। जिले की चौसा नगर पंचायत में मनमाने तरीके से होल्डिंग टैक्स वसूली के विरोध में शनिवार को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। समाजसेवी अभिमन्यु कुशवाहा के नेतृत्व में हुए इस धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। धरनार्थियों का कहना था कि वर्ष 2023 में नगर पंचायत चुनाव से पहले सभी प्रत्याशियों को वर्ष 2023 तक का एनओसी दिया गया था, जिसमें साफ लिखा था कि किसी भी प्रकार का होल्डिंग टैक्स बकाया नहीं है। इसके बावजूद वर्ष 2025 में नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में होल्डिंग टैक्स वसूली का प्रस्ताव पास कर अब वर्ष 2021 से टैक्स जोड़कर वसूला जा रहा है, जो पूरी तरह गलत और अवैध है। धरना स्थल पर अभिमन्यु कुशवाहा ने नगर पंचायत को लूट का अड्डा बताते हुए कहा कि यहां खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीसीटीवी कैमरे गायब हो गए, लेकिन उनका भुगतान कर दिया गया। वहीं डस्टबिन खरीद में भी बड़े घोटाले की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों की शिकायत जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कुशवाहा ने कहा कि नगर पंचायत बनने के बावजूद इलाके की हालत आज भी ग्राम पंचायत जैसी है। जलजमाव के कारण सैकड़ों एकड़ जमीन प्रभावित है, नालियों की व्यवस्था खराब है और कई इलाकों में गंदगी फैली हुई है। लोगों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है और बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय की भी व्यवस्था नहीं है। वहीं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शैलेश सिंह ने कहा कि जब होल्डिंग टैक्स का प्रस्ताव 2025 में पास हुआ है, तो उसे 2021 से वसूलना पूरी तरह अनुचित है। धरनार्थियों ने मनमानी टैक्स वसूली पर तुरंत रोक लगाने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
चौसा नगर पंचायत में मनमानी होल्डिंग टैक्स वसूली के खिलाफ धरना, लोगों में आक्रोश













Leave a Reply