वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर
बक्सर जिले के चौसा गोला निवासी अर्जुन यादव (26 वर्ष), पिता स्व. सुरेंद्र यादव की सोमवार दोपहर अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सवा बारह बजे के करीब थर्मल पावर प्लांट के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन यादव अपनी काली रंग की थार गाड़ी से थर्मल पावर गेट के समीप पहुंचे थे। जैसे ही वह वाहन से बाहर निकले, वहां बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद नजदीक से गोली चलाई और तुरंत फरार हो गए।
गोली लगने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सिर, कमर और पैर के पास गोली लगी है। उनकी स्थिति को नाजुक मानते हुए डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही अर्जुन की मौत हो गई।
घटना के बाद चौसा गोला से लेकर अस्पताल तक अफरातफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही बक्सर एसपी शुभम आर्य घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का निर्देश दिया। मौके से पुलिस ने एक लावारिस यामाहा बाइक बरामद की है, जो संभवतः अपराधियों की हो सकती है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं। बताया जा रहा है कि घटना स्थल के पास एक निजी जांच घर और थर्मल पावर प्लांट के मेन गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके।
अर्जुन यादव (राजद) से जुड़े हुए थे और थर्मल पावर परिसर में उनका नियमित आना-जाना था। इस आधार पर पुलिस हत्या के पीछे व्यक्तिगत या राजनीतिक रंजिश की भी जांच कर रही है। पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Leave a Reply