न्यूज़ 11 बिहार | बिहार (बक्सर)
बक्सर जिले में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते तीन दिनों के भीतर जिले में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।सोमवार के दोपहर 12 बजे के वारदात में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बक्सर जिला मजदूर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अर्जुन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से जिले में आक्रोश और दहशत का माहौल है। राजद के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “राजद के बक्सर जिला के मजदूर प्रकोष्ठ के समर्पित एवं कर्मठ अध्यक्ष अर्जुन यादव की सत्ता संरक्षित अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। बक्सर में दो दिन में गोली मारकर 5 व्यक्तियों की हत्या की गई है लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में है।
तेजस्वी यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लिखा, प्रदेश की ध्वस्त विधि व्यवस्था को लेकर NDA सरकार कतई गंभीर नहीं है। अपराधी दिनदहाड़े जहां मर्जी गोली चला दे रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री, दो-दो उपमुख्यमंत्री सहित जंबो मंत्रिमंडल आखिर कर क्या रहा है।
जनता में भय का माहौल, विपक्ष आक्रोशित
लगातार हो रही हत्याओं से आमजन में भय और आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल
बक्सर पुलिस इन घटनाओं की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिल सकी है। विरोधी दलों का आरोप है कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही है।
Leave a Reply