Advertisement

सांसद सुधाकर सिंह के प्रयासों से जिले को मिली नई पहचान-मुखिया इंदल सिंह

Share

शिक्षा, सड़क, खेल और बिजली हर क्षेत्र में होगा समग्र विकास,बक्सर को मिली विकास की 8 बड़ी योजनाएं, क्षेत्र में आएगा बदलाव 

न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर

जिलेवासियों के लिए यह हफ्ता कई खुशखबरियों से भरा रहा है। बक्सर लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह की मेहनत और सतत प्रयासों का सुखद परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। लंबे समय से लंबित केंद्रीय विद्यालय को अपनी जमीन पर खुद का भवन मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विद्यालय के लिए जमीन आवंटन की स्वीकृति दे दी है और कैबिनेट की बैठक में भी इसे हरी झंडी मिल गई है। सांसद ने लोकसभा में कटौती प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसका असर अब नजर आ रहा है।

केंद्रीय विद्यालय को नया भवन मिलने से न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, बल्कि शिक्षक और कर्मचारियों को भी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और जिले में शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। विद्यालय परिसर में भवन निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिससे छात्रों में खासा उत्साह है।

सांसद सुधाकर सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए मुंगाव पंचायत के मुखिया इंदल सिंह ने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है। सांसद के प्रयासों से जिले को एक साथ आठ बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिली है, जिससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा।

जिले को मिली आठ प्रमुख योजनाएं:

  1. बक्सर से कोइलवर तक तटबंध का चौड़ीकरण और सड़क निर्माण – बाढ़ से सुरक्षा और आवागमन की सुविधा दोनों में सुधार होगा।
  2. डुमरांव में बाईपास रोड का निर्माण – शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
  3. बक्सर नगर में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम का विकास – स्वच्छता और जल निकासी की सुविधा में व्यापक सुधार होगा।
  4. डुमरांव और ब्रह्मपुर बाजार में नाला निर्माण – बाजार क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या का समाधान होगा।
  5. आईटीआई मैदान में स्टेडियम का निर्माण – युवाओं के लिए खेलकूद और शारीरिक विकास का नया केंद्र बनेगा।
  6. ज्योति प्रकाश चौक से गोलंबर तक फोर लेन सड़क निर्माण – शहर में तेज और सुविधाजनक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
  7. नावानगर में 132 केवी ग्रिड का निर्माण – बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार होगा, जिससे उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
  8. बक्सर से पटना तक गंगा किनारे दियारा क्षेत्र में नई सड़क का निर्माण – ग्रामीण क्षेत्रों से पटना तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

इन सभी योजनाओं के शुरू होने से बक्सर जिले में विकास की नई लहर दौड़ गई है। आम जनता, छात्र, व्यापारी और किसान सभी में खुशी का माहौल है। सांसद सुधाकर सिंह ने यह साबित कर दिया है कि जब इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो विकास केवल सपना नहीं, हकीकत बन सकता है। जिले के लोग अब आशा कर रहे हैं कि इन परियोजनाओं का कार्यान्वयन समय पर हो और बक्सर एक विकसित जिले के रूप में उभर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *