Advertisement

शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं: दुल्हन के स्वागत से पहले पहुँचीं तीन लाशें, गांव में पसरा सन्नाटा

शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं
Share

– टायर फटने से पलटी गाड़ी, शादी की रात मातम में बदली, दूल्हा-दुल्हन बचे, पर रिश्तेदारों की मौत ने छीन ली सारी खुशियाँ

न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर

शुक्रवार का दिन भरियार गांव के लिए एक खास खुशी लेकर आया था। संजय बिंद के बेटे लवकुश बिंद की बारात पूरे हर्षोल्लास के साथ निकली थी। दोपहर दो बजे ब्रह्मपुर के एक लॉज में बारात पहुँची, जहां दिन में ही शुभ मुहूर्त के अनुसार विवाह की सारी रस्में पूरी की गईं।

हर कोई खुशी में डूबा था, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह खुशी कुछ घंटों में एक भयावह हादसे में तब्दील हो जाएगी। रात करीब आठ बजे बारात लौट रही थी। सभी थके तो थे, पर चेहरों पर मुस्कान थी। इसी दौरान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ पोखर के पास एनएच-922 पर अचानक तेज रफ्तार में चल रही बोलेरो गाड़ी का टायर फट गया।

बोलेरो में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 14 लोग सवार थे, जिसमें दूल्हा-दुल्हन भी शामिल थे। टायर फटते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर चार पलटी खाकर गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार मच गई, सबकुछ पलभर में बदल गया।

-हादसे में दो लोगो की मौके पर,ड्रावर का इलाज के दौरान मौत

इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में भरियार गांव निवासी मोनु बिंद पुत्र कीनू बिंद, बिहिया थाना क्षेत्र के चारघाट निवासी राधिका कुमारी पुत्री सुमित बिंद और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दिया गांव निवासी चालक सोनू कुमार शामिल हैं। सोनू की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान बक्सर में उसकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि उसके सिर से काफी खून बह गया था, जिसे समय रहते रोका नहीं जा सका।

-चार गम्भीर रूप से घायल,तीन पटना व एक का बनारस में चल रहा इलाज

घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। इन घायलों में बिहिया चारघाट की छोटी देवी पति सुमित बिंद, सिमरी थाना क्षेत्र के गायघाट की सुकर देवी पति गुड्डू बिंद और डब्लू बिंद की आठ वर्षीय बेटी संध्या कुमारी शामिल हैं।

वहीं यूपी के ब्यासी गांव की बेचन कुमारी पिता गुधन बिंद को बनारस भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दूल्हा लवकुश बिंद और नवविवाहिता दुल्हन रेणु कुमारी को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय डॉक्टरों ने किया। जब यह खबर गांव पहुँची, तो खुशी का माहौल एक झटके में मातम में बदल गया। शादी के घर में जहां बहू के स्वागत की तैयारी हो रही थी, वहीं दूसरी ओर एक के बाद एक शवों के आने से पूरा गांव शोक में डूब गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुँच गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। घायलों को रधुनाथपुर अस्पताल पहुँचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया है।

वही मृतको की पुष्टि थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने किया। इस हृदयविदारक हादसे ने न सिर्फ एक शादी को मातम में बदला, बल्कि कई परिवारों को गहरा जख्म दे दिया। जिस घर में शहनाई गूंज रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव की गलियों में रोने की आवाजें गूंज रही हैं, हर आंख नम है। लोग एक-दूसरे को दिलासा दे रहे हैं, लेकिन दर्द ऐसा है जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है।

यह भी पढ़ें: गर्मी के मौसम में क्या खाएं और क्या न खाएं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *