News11bihar|Buxar सिमरी प्रखंड के डुमरी पंचायत स्थित खेल मैदान बुधवार को दर्शकों और घोड़ों की टाप से गुलजार रहा। गोपाल दास फलहारी बाबा पशु मेला के सौजन्य से आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना दिया। सुबह से ही आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज के इलाकों से आए दर्शकों की भारी भीड़ खेल मैदान में उमड़ पड़ी। जैसे-जैसे दौड़ की शुरुआत हुई, मैदान तालियों, सीटी और जयघोष से गूंज उठा। प्रतियोगिता में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से आए नामी घोड़ों ने अपनी रफ्तार और फुर्ती का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के तहत तीन श्रेणियों नाकंद, दो दांत और पट्ठा घोड़ा की दौड़ कराई गई। प्रत्येक श्रेणी में तीन-तीन राउंड हुए, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। इसके अलावा घोड़ियों की विशेष दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रही। सुबह करीब 11 बजे घुड़दौड़ की शुरुआत नाकंद घोड़े की दौड़ से हुई। इस वर्ग में मोतिहारी के फरहान अहमद ने अपने घोड़े के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। डुमरी के मुन्ना सिंह द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की रूबी किनर ने तृतीय स्थान प्राप्त कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद दो दांत घोड़े की दौड़ कराई गई। इस रोमांचक मुकाबले में बक्सर जिले के अजय सिंह का ‘वीर’ घोड़ा प्रथम रहा। मोकामा के बाढ़ निवासी स्वर्गीय विवेका पहलवान का ‘सूरज’ घोड़ा द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि रूबी किनर का ‘काला नाग’ घोड़ा तृतीय स्थान पर काबिज रहा। इस दौड़ में घोड़ों की तेज रफ्तार ने दर्शकों को अपनी सीट से खड़े होने पर मजबूर कर दिया।

– पट्ठा घोड़े में उस्मान घोड़ा के टॉप ने खेल मैदान में उपस्थित दर्शको में मचाई हलचल
पट्ठा घोड़े की दौड़ में भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मोतिहारी के फरहान अहमद का ‘उस्मान’ घोड़ा प्रथम स्थान पर रहा। गढ़वार के रणजीत सिंह का ‘बलिया एक्सप्रेस’ द्वितीय और चंदौली के सुमारु पहलवान का ‘राजा’ घोड़ा तृतीय स्थान पर रहा। इस दौड़ को दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला माना गया। घोड़ों के साथ-साथ घोड़ियों की दौड़ ने भी दर्शकों को खूब लुभाया। इस श्रेणी में बक्सर के अजय सिंह की घोड़ी ‘बिजली रानी’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लछुटोला निवासी लालजी यादव की ‘लक्ष्मी’ घोड़ी द्वितीय, जबकि बक्सर जिले के चक्की निवासी दिल राम यादव की ‘पारो रानी’ तृतीय स्थान पर रहीं।

वही बक्सर जिला के केशोपुर पंचायत के मुखिया छोटू मिश्र का घोड़ा ” मिल्खा” दो दांत में मैदान में उतरा था जिसने सेमीफाइनल में द्वितीय स्थान हासिल किया जिसको लेकर आयोजन समिति द्वारा मुखिया छोटू मिश्र को शील्ड के साथ सम्मानित किया गया।
घुड़दौड़ प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि लोजपा नेता हुलास पाण्डेय, खरहाटांड पंचायत के पूर्व मुखिया तेजनारायण ओझा, परमानंद यादव, मदन राय एवं अशोक राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इससे पूर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष रजनीकांत चौबे, डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुँवर और जिला परिषद सदस्य कमलवास कुँवर ने सभी मुख्य अतिथियों का फूलमाला और अंगवस्त्र से भव्य स्वागत किया। मुख्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की औपचारिक शुरुआत कराई। कार्यक्रम के सफल संचालन में उद्घोषक विमलेश चौबे की भूमिका सराहनीय रही। उनकी जोशीली कमेंट्री ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता घोड़ों के मालिकों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने इसे परंपरा और खेल भावना का संगम बताते हुए भविष्य में और भी भव्य आयोजन का भरोसा दिलाया। मौके पर बीडीसी चंदन कुँवर, प्रमोद मिश्र, सत्यनाराण ओझा, मुखिया छोटू मिश्र,शिव जी कुँवर,हरेंद्र कुँवर,मुशन कुँवर सहित अन्य उपस्थित रहे।













Leave a Reply