-बक्सर के प्रसिद्ध सुमेश्वर स्थान गंगा घाट पर अचानक गहरे पानी में जाने से हुई है मौत
न्यूज़ 11 बिहार (बक्सर): बक्सर के प्रसिद्ध सुमेश्वर स्थान गंगा घाट पर बुधवार शाम दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद बक्सर पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर बक्सर सदर अस्पताल में रखा है और उनकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे दो किशोर साइकिल से बक्सर के सुमेश्वर स्थान स्थित गंगा घाट पर नहाने पहुंचे थे।
उन्होंने अपनी साइकिल बक्सर घाट के किनारे खड़ी की और नदी में उतर गए। नहाने के दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उसी समय पास में ही एक किसान अपनी सब्जी की खेती कर रहा था। जब उसने किशोरों को डूबते देखा, तो जोर-जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुछ लोगों ने नदी में छलांग लगा दी।
काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों किशोरों को आनन-फानन में बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत किशोरों की उम्र करीब 12 और 13 साल बताई जा रही है। लेकिन अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें: भूत प्रेत और देवता के साथ बक्सर में निकली शिव बरात की शोभा यात्रा
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे कहां के रहने वाले थे और उनके परिजन कौन हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों किशोरों की पहचान में जुटी है। जैसे ही मृतकों को पहचान होगी उनके परिजनों को सूचित किया जायेगा। और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना की जानकारी जिनको भी मिल रही है। बक्सर सदर अस्पताल पहुंच किशोरों को पहचानने की कोशिश कर रहा है।फिलहाल, पुलिस किशोरों की पहचान और उनके परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।
Leave a Reply