Advertisement

केशोपुर में बाढ़ अवरोधक कार्यों का DM ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश

केशोपुर में बाढ़ अवरोधक कार्यों का DM ने किया निरीक्षण
Share

बाढ़ से सुरक्षा के लिए चल रहे कार्य में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, 500 मीटर कटाव क्षेत्र में चल रहा है कार्य, 5 करोड़ की राशि हुई है स्वीकृत

न्यूज़11 बिहार | बक्सर

सिमरी प्रखंड का केशोपुर क्षेत्र में बाढ़ नियन्त्रण प्रमंडल द्वारा कराए जा रहे बाढ़ अवरोधक कार्यों का शनिवार को जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने विधिवत निरीक्षण किया। यह महत्वपूर्ण कार्य फूली मिश्र के डेरा के समीप संचालित हो रहा है, जिसे आगामी बरसात से पहले पूरा करना अनिवार्य माना जा रहा है। विभाग की ओर से इस योजना के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है, जिसमें लगभग 500 मीटर लंबे कटाव क्षेत्र में सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य आमजन की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बाढ़ नियन्त्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि आगामी मानसून से पूर्व हर हाल में कार्य पूरा होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जब डीएम को कुछ खामियां नजर आईं तो उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्परता से उसे ठीक करवाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि इस प्रकार के विकासात्मक और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत की स्थिति में जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के आगमन को लेकर कार्यस्थल पर कार्य एजेंसी द्वारा योजना से संबंधित प्राक्कलन बोर्ड भी लगाया गया, जिससे कार्य की जानकारी आम लोगों को मिल सके। इस दौरान एसडीएम राकेश कुमार, बीडीओ लोकेन्द्र यादव तथा क्षेत्रीय सीओ भगवती शंकर पाण्डेय भी उपस्थित रहे और निरीक्षण प्रक्रिया में शामिल होकर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी डीएम को दी। वही डीएम ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया की जब तक कार्य चल रहा है इसका नियमित निरिक्षण करे एवं कार्यलय को भी सूचित करते रहे।

स्थानीय लोगों ने भी जिलाधिकारी के इस निरीक्षण की सराहना की और आशा जताई कि बाढ़ नियंत्रण का यह कार्य समय पर पूरा होकर हर वर्ष आने वाली बाढ़ की त्रासदी से उन्हें राहत दिलाएगा। गौरतलब है कि केशोपुर क्षेत्र गंगा नदी के किनारे बसा होने के कारण हर वर्ष बाढ़ और तटवर्ती कटाव की चपेट में आता है।

इस बार प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना जागृत हुई है। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जिले में चल रहे सभी बाढ़ नियंत्रण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और आवश्यकतानुसार पुनः निरीक्षण भी किया जाएगा ताकि जनता को समय पर लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें: गर्मी के मौसम में क्या खाएं और क्या न खाएं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *