परिवार का किसी से नहीं था विवाद, हमलावरों की पहचान नहीं
न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर
बक्सर जिला के नैनीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की नैनीजोर गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां अज्ञात अपराधियों ने घर के दरवाजे पर सो रहे एक बुजुर्ग और उनकी मासूम पोती को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना शुक्रवार रात लगभग 12 बजे की है। गांव के वार्ड संख्या 9 स्थित यादव बस्ती में 65 वर्षीय चतुर यादव रोज की तरह अपने घर के बाहर अपनी दो वर्षीय पोती चांदनी कुमारी के साथ सोए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर घर के अंदर सो रही चतुर यादव की पुतोहू सोनी देवी बाहर निकलीं, तो उन्होंने दोनों को खून से लथपथ हालत में पाया और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
दोनों घायलों को तुरंत रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, चतुर यादव को गोली पीठ में लगी जो आर-पार हो गई, वहीं मासूम चांदनी को कंधे के नीचे गोली लगी, जो शरीर से निकल गई। घटना के संबंध में पुतोहू सोनी देवी ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही कोई पुराना विवाद है। अंधेरे के कारण हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। सूचना मिलते ही नैनीजोर थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरोज आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है। गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। घटना के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Leave a Reply