Advertisement

“महिला संवाद” कार्यक्रम से ग्रामीण महिलाओं को मिला आत्मबल, योजनाओं की मिली विस्तृत जानकारी

“महिला संवाद” कार्यक्रम से ग्रामीण महिलाओं को मिला आत्मबल
Share

न्यूज़11 बिहार (बक्सर) : बिहार सरकार के महिला सशक्तिकरण मिशन को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज बक्सर ज़िले में “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत ज़िले के 8 प्रखंडों के कुल 16 ग्राम संगठनों में सुबह 9 बजे और शाम 4 बजे से महिला सशक्तिकरण से संबंधित संवाद सत्र आयोजित किए गए। इस महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रम का आयोजन 18 अप्रैल से 13 जून 2025 तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

कार्यक्रम में लगभग 2700 जीविका दीदियों, 413 गैर-जीविका महिलाएं, तथा 200 पुरुषों की सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन न केवल महिलाओं को सरकारी योजनाओं से अवगत कराने का माध्यम बना, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया गया कि वे योजनाओं का वास्तविक लाभ ले सकें।

डिजिटल वाहन व चलचित्र के ज़रिए योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम के तहत डिजिटल वाहन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, महिला उत्थान से जुड़ी योजनाओं एवं कल्याणकारी परियोजनाओं की जानकारी चलचित्र के माध्यम से दी गई। जागरूकता रथ के ज़रिए योजनाओं की प्रस्तुति ने ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास किया।

महिलाओं ने साझा किए अनुभव, रखीं अपनी आकांक्षाएं

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें भाग लेने वाली महिलाओं एवं युवतियों ने सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे जीविका, महिला उद्यमिता, शिक्षा, और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं ने उनके जीवन को सशक्त बनाया है।

महिलाओं ने चर्चा के दौरान अपनी कई आवश्यकताओं और समस्याओं को भी मुखरता से रखा। प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं:

  • वृद्ध, दिव्यांग एवं विधवा महिलाओं की पेंशन में बढ़ोतरी
  • जल-नल योजना के तहत समय पर जल आपूर्ति
  • सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और बुनियादी सुविधाएं
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियुक्ति और दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति
  • खेल मैदानों की स्थापना
  • ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधाओं का विस्तार
  • इंदिरा आवास योजना के तहत आवास की जरूरत
  • ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, तालाब निर्माण एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना
अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में ज़िला कार्यालय जीविका की ओर से जिला परियोजना प्रबंधक बक्सर, सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक और प्रखंड प्रशासन के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनके सवालों का उत्तर भी दिया।

महिला सशक्तिकरण की ओर ठोस कदम

“महिला संवाद” कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। यह न केवल जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि महिलाओं को अपनी समस्याएं साझा करने और समाधान के लिए संवाद स्थापित करने का मंच भी प्रदान किया। कार्यक्रम में महिलाओं को योजनाओं से संबंधित लीफलेट्स का वितरण किया गया और माननीय मुख्यमंत्री का विशेष संदेश पत्र भी पढ़कर सुनाया गया, जिस पर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में B.Ed सत्र 2024-26 की परीक्षा 19 अप्रैल से शुरू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *