Advertisement

श्री बड़ी संगत मठिया डुमरांव की कृषि भूमि का सफल बंदोबस्ती, कृष्णा सिंह को एक वर्ष के लिए मिली जिम्मेदारी

Share

-बंदोबस्ती से मठ की आय बढ़ाने की दिशा में अहम कदम

न्यूज़ 11 बिहार \ डुमरांव

श्री बड़ी संगत मठिया डुमरांव परिसर स्थित मठ की लगभग 8 बीघा कृषि योग्य भूमि एवं बगीचा का बंदोबस्ती बुधवार  को विधिवत संपन्न हुआ। बंदोबस्ती प्रक्रिया में क्षेत्र के कुल 8 किसानों ने हिस्सा लिया, जिसमें बोली की शुरुआत 1 लाख 15 हजार से हुई और अंततः यह 1 लाख 80 हजार  तक पहुंच गई। अधिकतम बोली लगाने वाले किसान कृष्णा सिंह, जो कि नथुनी के बाग निवासी हैं, को एक वर्ष के लिए बंदोबस्ती का अधिकार प्रदान किया गया।

इस बंदोबस्ती की पूरी प्रक्रिया मठ समिति के अध्यक्ष सह सीओ शमन प्रकाश, कोषाध्यक्ष बिरेन्द्र यादव, राजस्वकर्मी संजय यादव तथा वरीय सदस्य कृष्ण कुमार केशरी की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से पूर्ण की गई। कोषाध्यक्ष बिरेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बंदोबस्ती से प्राप्त राशि का उपयोग मठ की भूमि के समुचित विकास में किया जाएगा। इसमें खेतों की घेराबंदी, सिंचाई के लिए ट्यूबवेल की स्थापना तथा शहरी क्षेत्र में मठ की जमीन पर दुकान निर्माण जैसी योजनाएं सम्मिलित हैं, जिससे राजस्व में वृद्धि की जा सके।

इस मौके पर मठ समिति के सक्रिय सदस्य अशोक कुमार, विकास कुमार श्रीवास्तव, भूषण गोंड सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने मठ समिति की इस पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह कदम मठ की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के साथ-साथ किसानों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा। इस बंदोबस्ती के माध्यम से मठ की संपत्तियों के संरक्षण और सदुपयोग की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है, जो आने वाले समय में और भी सकारात्मक परिणाम देगा। पूर्व में बंदोबस्ती 1 लाख 15 हजार में हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *