Advertisement

बक्सर के नए जिलाधिकारी होंगे विद्यानंद सिंह, अंशुल अग्रवाल का हुआ तबादला

Share

जनसंपर्क और प्रशासन में कुशल रहे अंशुल अग्रवाल ने छोड़ी मजबूत छाप

 न्यूज़ 11 बिहार | बक्सर

बक्सर जिले को नया जिलाधिकारी मिले है। शनिवार को बिहार सरकार ने आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए विद्यानंद सिंह को बक्सर का नया डीएम नियुक्त किया है। विद्यानंद सिंह 2013 बैच के अधिकारी हैं, जिन्हें पदोन्नति के बाद आईएएस कैडर में शामिल किया गया था। अब तक वे योजना एवं विकास विभाग में निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी के पद पर कार्यरत थे। यह उनका पहला जिला होगा, जहां वे बतौर जिलाधिकारी कार्यभार संभालेंगे।

सरकारी आदेश के अनुसार, वर्तमान जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल को निबंधन सहयोग समिति, पटना में नई जिम्मेदारी दी गई है। अंशुल अग्रवाल 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अप्रैल 2023 में बक्सर में डीएम के रूप में पदस्थापित किए गए थे। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में कई प्रशासनिक सुधार और विकास कार्य हुए। उन्होंने आम नागरिकों के साथ संवाद कायम करने के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच एक सकारात्मक और सहयोगात्मक कार्य संस्कृति विकसित की। मीडिया से भी उनका संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहा, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता को बल मिला। बक्सर के नए डीएम विद्यानंद सिंह को एक अनुशासित, नीतिगत समझ रखने वाले और प्रशासनिक अनुभव से परिपूर्ण अधिकारी माना जाता है। यद्यपि यह उनका पहला मौका होगा जब वे किसी जिले की कमान संभालेंगे, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में बक्सर को विकास की नई दिशा मिलेगी। बक्सर के नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से जहां अंशुल अग्रवाल के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया जा रहा है, वहीं विद्यानंद सिंह के स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं। अब देखना होगा कि नए डीएम जिले की प्रशासनिक चुनौतियों का किस तरह सामना करते हैं और विकास कार्यों को किस गति से आगे बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *